-सरगना समेत चार बदमाश गिरफ्तार, सुनार भी धरा
-बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले गैंग का खुलासा
-15 लाख का चोरी का माल, रायफल और पिस्टल बरामद
-पुलिस ने बदमाशों को गंजा करवाया
कानपुर शहर में बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले एक गैंग का खुलासा हुआ है। शनिवार को चकेरी पुलिस ने गैंग के सरगना समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी का माल खरीदने वाला एक सुनार भी शामिल है। इनके कब्जे से 15 लाख के सोने-चांदी गहने और वारदात में प्रयुक्त रायफल और .32 बोर पिस्टल भी मिली है। पुलिस ने बदमाशों और सुनार को गंजा करवा दिया। सुनार ने बताया कि पुलिस वालों ने शनिवार को उन लोगों को गंजा कराया। पुलिस गैंग से जुड़े और बदमाशों की तलाश कर रही है। हालांकि यह मानवाधिकार का उल्लंघन है।
विज्ञापन
कानपुर के शिव कटरा क्षेत्र से गुंजन विहार बर्रा निवासी सचिन तिवारी, हरदोई के सिमरिया गांव के बेटा उर्फ वंशलाल, जैतापुर हरदोई के रामकृष्ण यादव को गिरफ्तार किया है। तीनों शातिर नकबजन और चोर हैं। तीनों शहर में घूम-घूम कर बंद घरों की रेकी करते थे। फिर ताला तोड़कर नगदी, जेवरात पार कर ले जाते थे। इनकी निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले सीसामऊ के गांधी नगर निवासी सुनार गणेश कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया गया है।
सुबह होने से पहले बेच देते थे माल
सचिन और उसके साथियों का काम करने का तरीका अलग था। सुबह और शाम वे लोग बंद घरों की रेकी करते थे। फिर घर लौट आते थे। रात में सभी एक स्थान पर मिलते थे। रात में चोरी करते थे। सुबह चार बजे से पहले चोरी का माल बेच देते थे। इसका खुलासा बदमाशों और सुनार से पूछताछ में हुआ है।