कानपुर। शहर में बिना इजाजत के ड्रोन उड़ाने पर पुलिस गिरफ्तार करेगी। यह निर्देश एडीजी कानून व्यवस्था ने शुक्रवार को जारी किए हैं। इसके बाद संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार ने सभी एसीपी और थाना प्रभारियों को ड्रोन पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। एलआईयू और खुफिया को भी सतर्क किया है।
प्रदेश में मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद में शरारती तत्वों ने ड्रोन में रंग बिरंगी लाइटें और कई तरह के साउंड सिस्टम लगाकर लोगों को डराया था।सुल्तानपुर में कबूतरों के पैरों में एलईडी लाइट लगाकर मुंह नोचवा का भय दिखाया गया। पुलिस ने घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इस तरह के मामलों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने ड्रोन के उड़ाने पर सख्ती की है। जेसीपी कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार ने बताया कि शहर में कई संवेदनशील क्षेत्र हैं। यहां भी पूर्व में ड्रोन उड़ने की शिकायतें आ चुकी हैं। एसीपी और थाना प्रभारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। ड्रोन के माध्यम से अराजकतत्व भय का माहौल पैदा कर सकते हैं।