कानपुर। विजिलेंस टीम के लिए नामित नोडल अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र की ओर से भेजे गए रिमाइंडर पर अभी तक सीएमओ ने संज्ञान नहीं लिया है। अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. संजू अग्रवाल की ओर से केपीएम अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरसी यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह सीएमओ से दस्तावेज लेकर विजिलेंस टीम को उपलब्ध कराएं। वहीं, अभी तक दो बार रिमाइंडर भेजे जाने के बावजूद सीएमओ की ओर से दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। मामले में सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने कहा कि उनके पास इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं है।
28 जुलाई को भी सीएमओ कार्यालय में विजिलेंस की टीम प्रपत्र जुटाने आई थी। एक घंटे बंद कमरे में बातचीत हुई और टीम दस्तावेज लेकर लौट गई। शासन की ओर से सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी पर लगे आरोपों की जांच की जा रही है। टीम सीएमओ कार्यालय का दो बार दौरा कर प्रपत्रों को ले गई है। स्थानीय स्तर पर नोडल की आवश्यकता थी जिस पर उन्होंने अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. संजू अग्रवाल से इसकी मांग की और उन्होंने डॉ. आरसी यादव को नामित किया। बता दें कि सीएमओ पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन न करने, शासनादेशों के विपरीत शासन की ओर से प्रदत्त वित्तीय शक्तियों का प्रत्याहरण करने, नियम विरूद्ध स्थानांतरण करने, अधीनस्थों पर लचर एवं शिथिल प्रशासनिक नियंत्रण होने, उच्चादेशों का अनुपालन न करने और पदीय अधिकारों व शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने आदि के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच अधिकारी को एक महीने में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।