कानपुर। कोहना थानाक्षेत्र में एक रेस्टोरेंट में ग्राहक से अभद्रता की शिकायत पर पहुंंची पुलिस को वहां हुक्काबार मिल गया। मौके से दो हुक्के, तंबाकू के पाउच समेत अन्य वस्तुएं मिलीं। पुलिस ने मैनेजर समेत अन्य पर रिपोर्ट दर्ज की है।
कोहना पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को रेलबाजार निवासी अमर सिंह ने केएफसी चौराहा के पास स्थित एक नामचीन रेस्टोरेंट में ओवरचार्ज और अभद्रता करने की शिकायत की थी। मौके पर पहुंची पुलिस को रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्काबार चलता मिला। कुछ लोग हुक्का पीते हुए मिले। पुलिस ने ग्राहकों को हिदायत देकर छोड़ दिया। इस बीच रेस्टोरेंट संचालक मौके से भाग निकला जबकि पुलिस टीम ने मैनेजर को मौके से दबोच लिया। थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि रेस्टोरेंट के मैनेजर समेत अन्य पर सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के तहत रिपोर्ट दर्जकर की गई है।