कन्नौज। तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही पर रिश्वत मांगने और महिलाओं से हाथापाई का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने गुरुवार को एसपी विनोद कुमार को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कोतवाल ने आरोपों को निराधार बताया है।
तिर्वा क्षेत्र के ग्राम नुनारी निवासी मिथलेश ने बताया कि चाचा से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। 27 अक्तूबर को दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की थी। बाद में दोनों को जमानत मिल गई थी। आरोप है कि चौकी पर तैनात सिपाही मोहित ने उसकी बाइक बिना कारण चौकी पर खड़ी करवा दी। बाद में 2800 रुपये लेने के बाद बाइक छोड़ी गई। इसके बाद जमीन विवाद निपटाने के नाम पर सिपाही ने 20 हजार रुपये की मांग की।
पीड़ित के अनुसार रुपये देने में असमर्थता जताने पर दोपहर दो बजे दो सिपाही के साथ उसके घर पहुंचे। आरोप है कि घर पर दोबारा 20 हजार रुपये मांगे गए। इन्कार करने पर मां किरन देवी, बहन राधा और भाई पंकज को धमकाया गया और हाथापाई की गई। पीड़ित का दावा है कि मौके पर कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी, इसके बावजूद पुलिसकर्मी उसके परिवार की महिलाओं को चौकी ले गए। उसने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल संजय शुक्ला ने बताया कि गांव में जमीन विवाद का मामला सामने आया था, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई थी। महिलाओं से हाथापाई का निराधार है। फिलहाल आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।