रसूलाबाद। थाना क्षेत्र में साढ़े तीन माह पहले एक युवती का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर उसकी हत्या करने की पुष्टि हुई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज करने में पुलिस ने लापरवाही बरतती रही। मामले में एसपी की फटकार के बाद अब शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज की गई है।
निगोहिया गांव के पास रिंद नदी में 30 सितंबर को एक युवती का शव उतराता मिला था। इस पर सुंदरपुर गजेन गांव के चौकीदार ने सूचना पुलिस को दी थी। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
दो दिन बाद पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मिल गई थी, लेकिन अज्ञात शव होने के चलते पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। अधिकारियों ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार को नए एसपी स्वप्रिल ममगाई अज्ञात मिले शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट देख रहे थे।
इस दौरान रिपोर्ट में अज्ञात युवती के शव की हत्या होने की जानकारी मिली तो उन्होंने केस दर्ज करने के बाबत पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। रिपोर्ट दर्ज न होने की जानकारी पर थाना प्रभारी को फटकार लगाई।
इसके बाद मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई थी, लेकिन डॉक्टर के बयान न होने की वजह से हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। एसपी के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।