ओमान में फंसी युवती को उसी ट्रैवेल एजेंट ने बंगलूरू की कंपनी के जरिये भेजा है, जिसने बेकनगंज की महिला को भेजा था। युवती को भी टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। एक साल से युवती लौट नहीं पाई है। पिछले साल एक महिला को ट्रैवेल एजेंट मुजम्मिल ने नौकरी के नाम पर टूरिस्ट वीजा पर ओमान भेज दिया था।
एक महीने पहले ही महिला बमुश्किल लौट सकी है। पुलिस ने मुजम्मिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जांच चल ही रही थी कि बाबूपुरवा निवासी एक युवती के भी ओमान में फंसे होने का मामला सामना आया। चार दिन पहले युवती ने बेकनगंज की महिला से संपर्क कर आपबीती बताई थी।
पता चला कि मुजम्मिल ने ही इस युवती को भी ओमान भेजा है। एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि पहले मामले की जांच चल रही है। दूसरे मामले की जानकारी मीडिया के जरिये हुई है। लिखित शिकायत नहीं मिली है। फिर भी बेकनगंज पुलिस को इस मामले को जांच में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।