कानपुर। कैंट के छबीलेपुरवा स्थित जंगल में गोकशी का आरोप लगाकर एक युवक को पीटे जाने के मामले में पुलिस की ओर से पांच नामजद और 25 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शुक्रवार रात को कैंट के छबीलेपुरवा स्थित जंगल में बजरंग दल कार्यकर्ताओं व भाजपा पार्षद ने गोकशी का आरोप लगाकर हंंगामा किया था। साथ ही मौके से पकड़े गये युवक को मारापीटा था। कार्यकर्ताओं ने मौके से एक गोवंश के बंधे मिलने का दावा किया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।
पुलिस ने कैंट थाने के दरोगा मनोज कुमार की तहरीर पर छबीलेपुरवा निवासी रजत उर्फ कृष्णा सिंह, छोटू, दिलीप, शालू और मनीष समेत 25 अज्ञात पर मारपीट, दंगा भड़काने के प्रयास समेत चार धाराओं में मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।