यूपी के उन्नाव जिले में गोवंशियों की तस्करी की सूचना पर शुक्रवार सुबह पुलिस ने लखनऊ-कानपुर राजमार्ग और रायबरेली मार्ग पर लगभग 18 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद एक कंटेनर की घेराबंदी की। इस दौरान चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया। कंटेनर में पुलिस को 27 बैल बंधे मिले। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बैलों को लखनऊ स्थित कान्हा उपवन भेज दिया गया है।
शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि बिहार का एक कंटेनर गोवंशियों को लेकर लखनऊ जा रहा है। पुलिस ने कानपुर से आ रहे एक कंटेनर को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख चालक ने कंटेनर भगाना शुरू कर दिया। ऐसे में डायल 100 पुलिस ने उसका पीछा किया। गदनखेड़ा चौराहा पहुंचते ही चालक ने कंटेनर रायबरेली की ओर मोड़ दिया।
सिपाहियों ने ललऊखेड़ा चौकी पुलिस को सूचना दी। चौकी इंचार्ज जितेंद्र ने घेराबंदी की। हरिवंश राय बच्चन कॉलेज के निकट चालक कंटेनर को सड़क पर छोड़ भाग निकला। पुलिस ने जब कंटेनर खोला तो उसमें बैल बंधे मिले। कंटेनर को सुरक्षित दही चौकी पहुंचाया गया। जहां पशु चिकित्सक डॉ. राकेश, मुकेश व नीरज के नेतृत्व में बैलों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चौकी इंचार्ज जितेंद्र ने बताया कि कंटेनर में मिले बैलाें को लखनऊ कान्हा उपवन भेजा गया है। ट्रक बिहार के नवादा जिले का है।