उत्तर प्रदेश के जनपद उन्नाव में बीघापुर थानाक्षेत्र के गांव मेहरबान खेड़ा में पुलिस ने 11 गोवंश के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि उनके छह साथी भाग निकले। पकड़े गए लोगों में तीन युवक बीघापुर थानाक्षेत्र के मेहरबान खेड़ा निवासी हैं। सोमवार सुबह क्षेत्रीय युवकों को जबरन पशु तस्करी में फंसाने के आरोप लगा किसान नेताओं ने थाना का घेराव करने का प्रयास किया। पुलिस के सख्ती देख लोग भाग निकले।
बीघापुर थानाक्षेत्र के गांव मेहरबान खेड़ा में रविवार रात गोवंश तस्करी की सूचना बीघापुर पुलिस को मिली थी। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी मोहम्मद अशरफ, सब इंस्पेक्टर उबैस अली, भगत सिंह, अवधेश प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घेराबंदी कर चार युवकों को पकड़ लिया गया। जबकि छह अन्य भाग निकले।
पुलिस पकड़े गए युवकों को थाने ले आई। उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई। इस बीच मामले को तूल देने के लिए कुछ किसान नेता भी पहुंच गए। ऐसे में कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुला लिया गया। किसान नेताओं ने कुछ लोगों को पशु तस्करी में फंसाने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने जैसे ही सख्ती दिखानी शुरू की वैसे ही हंगामा कर रहे लोग इधर उधर हो गए।