यूपी के कन्नौज जिले में सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात घेराबंदी कर एसपी कार्यालय परिसर के पास से नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले युवक को दबोचा है। उसके पास से पुलिस ने एक किलो नशीला पाउडर बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पता चला है कि आरोपी युवक लखनऊ के पारा और नाका थाने के अलावा जीआरपी से चोरी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी की क्राइम हिस्ट्री पता करने के लिए पुलिस टीम को लखनऊ भेजा गया है। जिस स्थान से युवक को पकड़ा गया, वहां से डीएम व दूसरे अफसरों के आवास कुछ दूरी पर हैं।
मंगलवार रात करीब 12 बजे सरायमीरा चौकी प्रभारी विनीत उपाध्याय को सूचना मिली कि एक संदिग्ध रेलवे स्टेशन की ओर से एसपी कार्यालय (इधर ही डीएम आवास भी है) की ओर आया है। चौकी इंचार्ज ने इसकी जानकारी सदर कोतवाली प्रभारी विनोद मिश्रा को दी। वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी कार्यालय के आसपास घेराबंदी कर शातिर युवक को दबोच लिया।