बांदा कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लूट के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बांदा जिले में तिंदवारी थाना पुलिस ने 12 हजार रुपये के फरार इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। यह कानपुर का रहने वाला है। उसके पास 50 हजार रुपये बरामद हुए हैं। उधर, शहर कोतवाली पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास एक दर्जन मोबाइल फोन और एक-एक तमंचा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइल लूट के हैं।
तिंदवारी थाना इंसपेक्टर केपी सिंह के मुताबिक उनके नेतृत्व में बुधवार को सुबह माटा गांव में नटराज यादव ढाबा के पास देवेंद्र कुमार सचान पुत्र सौखीलाल को गिरफ्तार किया गया। वह कानपुर नगर के घाटमपुर थानांतर्गत मोतीपुर का रहने वाला है। इसके विरुद्ध तिंदवारी थाने में पिछले वर्ष बोलेरो चोरी और धोखाधड़ी आदि की संगीन धाराओं का मुकदमा दर्ज है। यह तभी से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक ने उस पर 12 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वाहन चोरी का यह मास्टर माइंड बताया गया है। गिरफ्तारी टीम में एसआई रामबाबू यादव और हेड कांस्टेबल विनोद कुमार व कांस्टेबल अभय नरेश सिंह शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्तों का कहना है कि वह मोबाइल लूटते व छीनते हैं
तिंदवारी पुलिस के हत्थे चढ़ा इनामी अभियुक्त
- फोटो : अमर उजाला
शहर कोतवाली पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर मोबाइल लूट की दो घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है। क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को शहर कोतवाली पुलिस ने बंगालीपुरा में रमा वाटिका के पास बाइक सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। एक भाग निकला। पकड़े गए अभियुक्तों में सत्यम पुत्र मुकेश मिश्रा और मोहित भदौरिया उर्फ सनी पुत्र शिव सिंह (दोनों निवासी कालूकुआं, शहर बांदा) और महेंद्र उर्फ मंत्री पुत्र बैजनाथ वर्मा (बुढ़ौली थाना बबेरू, हाल पता कांशीराम कालोनी, हरदौली, बांदा) है। इनके पास 12 अदद मोबाइल फोन, 315 बोर के दो और 32 बोर का एक तमंचा, कारतूस तथा दो बाइक बरामद हुई हैं।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक अभियुक्तों का कहना है कि वह मोबाइल लूटते व छीनते हैं। दो बाइकों पर चार लोग रहते हैं। पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों ने स्वीकारा है कि 5 दिसंबर के शाम शहर के जंगल दफ्तर के पास एक बैग और दो मोबाइल फोन तथा 15 दिसंबर की रात 10 बजे डीएम कालोनी के पास से एक मोबाइल फोन लूटे थे। तीनों आरोपियों के विरुद्ध 4-4 मुकदमें शहर कोतवाली में दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में इंसपेक्टर आनंद कुमार सिंह, एसएसआई चंद्रपाल सिंह, एसआई उपेंद्र सिंह, अनिरुद्ध सिंह, प्रमोद कुमार, विजय कुमार, जितेंद्र, अनिल व प्रतीक शामिल थे।