खुलासा करते एसपी करीट कुमार राठौड़, एएसपी केशव चंद्र गोस्वामी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में कन्नौज जिले के सौरिख क्षेत्र में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मैनपुरी के इस बदमाश पर 25 हजार का इनाम घोषित है। कई सालों से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। एसपी ने बुधवार को बदमाश की गिरफ्तारी का खुलासा किया।
एसपी करीट कुमार राठोड़ और एएसपी केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि सौरिख थाना प्रभारी राजकुमार सिंह को मंगलवार रात कांकरपुर रोड स्थित आरिफपुर पुलिया के पास असलहों से लैस बदमाशों के होने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ घेराबंदी कर दी। पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के जवाबी फायरिंग कर बदमाश भागने लगे। दो बदमाश तो भाग गए लेकिन पुलिस ने इनामी बदमाश हरवीर कठेरिया पुत्र पूरन को दबोच लिया। 25 हजार का इनामी हरवीर मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के गांव धरमनेर पदमनेर के मजरा शेरपुर मडइया का रहने वाला है। थाना प्रभारी ने बताया कि हरवीर ही गिरोह का सरगना है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस का खोखा बरामद किया है।
एसपी ने बताया कि हरवीर गैंग के साथ कई दिनों से सौरिख इलाके में लूटपाट कर रहा था। वह मैनपुरी से ही गिरोह का संचालन करता था। वह मैनपुरी और इटावा से सटी जनपद के सीमावर्ती इलाकों में लूटपाट कर भाग जाता था। हरवीर पर सौरिख थाना में हत्या और लूटपाट के चार मुकदमा दर्ज हैं। करीब चार माह से पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।
इन लोगों से की थी लूटपाट
एसपी ने बताया कि हरवीर और उसके गिरोह ने 27 जनवरी को वीना यादव को तमंचा लगाकर झुमकी और सोने की चेन लूट लिए थे। 31 मार्च को नवीन कुमार को बंधक बनाकर बोलेरो लूट ली थी। इस गिरोह के पांच बदमाशों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है।