ग्रीनपार्क में अभ्यास करते रिंकू सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर। रणजी मुकाबलों के लिए यूपी टीम ने शनिवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में अभ्यास किया। कप्तान करन शर्मा, रिंकू सिंह, प्रियम गर्ग, शिवम मावी और कुनाल त्यागी ने वार्मअप के साथ रनिंग की। इसके बाद खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में हाथ आजमाया। क्षेत्ररक्षण और कैच के लिए भी ट्रेनिंग दी गई।
यूपी टीम के मुख्य कोच अरविंद कपूर और सहायक कोच मोहम्मद आमिर की देखरेख में खिलाड़ियों को हाई कैच और स्लिप कैचिंग का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि टीम में विप्रराज निगम, शिवम शर्मा और प्रशांतवीर जैसे स्पिनर और शिवम मावी, कुनाल त्यागी, वैभव, आकिब खान और विजय जैसे तेज गेंदबाज हैं।
बल्लेबाजी में रिंकू सिंह, करन शर्मा, प्रियम गर्ग, आर्यन, अभिषेक और माधव जैसे खिलाड़ी हैं जो तेजी से रन बनाने के साथ-साथ बड़ी पारियां खेलने और साझेदारी करने में भी माहिर हैं। ग्रीनपार्क स्टेडियम में 15 अक्तूबर को होने वाले पहले रणजी मैच के लिए आंध्र प्रदेश की टीम 13 को शहर आ जाएगी। यूपी टीम पिछले एक सप्ताह से ग्रीनपार्क में रणजी मैच के लिए अभ्यास कर रही है।