कानपुर। राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान में सोमवार को प्रदेशस्तरीय पूल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन हुआ। इसमें जापानी बहुराष्ट्रीय कंपनी एस्टेमो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं का साक्षात्कार लिया गया। साक्षात्कार के बाद 469 छात्रों का चयन 2.64 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर किया गया। इस ड्राइव में कुल 1288 छात्रों ने पंजीकरण कराया था।
चयनित अभ्यर्थी मैकेनिकल इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, प्रोडक्शन इंजीनियरिंग, मेकाट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शाखाओं से संबंधित हैं। कंपनी ने चयनित छात्रों को प्रोडक्शन, क्वालिटी और मेंटेनेंस विभाग में कार्य करने के लिए चुना। सेवायोजन अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि चयनित छात्रों को वेतन के साथ ही परिवहन, भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं का भी लाभ प्रदान किया जाएगा।
इस पूल कैंपस में संस्थागत छात्रों के साथ-साथ प्रदेश के घाटमपुर, उन्नाव, डीह सदर, बीघापुर, बिंदकी, फतेहपुर, झांसी, कन्नौज, अकबरपुर, बाराबंकी, इटावा, औरैया, लखनऊ सहित विभिन्न राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। एस्टेमो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स क्षेत्र की अग्रणी कंपनी है, जो फ्यूल इंजेक्टर, फ्यूल फीडिंग पंप, सीएनजी इंजेक्टर, एबीएस सिस्टम, ब्रेक और सस्पेंशन जैसे उच्च गुणवत्ता वाले ऑटोमोटिव पार्ट्स का निर्माण करती है।
प्रधानाचार्य श्री मुकेश चंद्र आनंद ने बताया कि संस्था ने प्रतिवर्ष 2000 छात्रों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है, जो पिछले तीन वर्षों से लगातार पूरा किया जा रहा है। उन्होंने चयनित छात्रों को शुभकामनाएं दीं।