काली कमाई के कुबेर इत्र कारोबारी पीयूष जैन और उसके परिजनों की अब सभी संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। कारोबारी के कानपुर स्थित आनंदपुरी निवास से 177.45 करोड़ और कन्नौज स्थित निवास से मिली 19 करोड़ रुपये की नकदी को जब्त कर लिया गया है।
जांच में देश के कई हिस्सों समेत विदेश तक में संपत्तियां होने के दस्तावेज हाथ लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक, कानपुर नगर, कानपुर देहात, आगरा, प्रयागराज, नोएडा, कन्नौज के अलावा दिल्ली, मुंबई और गुजरात में करोड़ों की संपत्तियां हैं।
करोड़ों रुपये की नकदी मिलने के बाद बीते 10 साल के बैंक खातों की डिटेल खंगाली जा रही है। सूत्रों ने बताया कि कुछ लोगों के साथ मिलकर और ट्रांसपोर्टर की मदद से हवाला का काम लंबे समय से किया जा रहा था। सामान के साथ रुपयों के पैकेट भेजे जाते थे।
इसमें ट्रांसपोर्टर को मोटा कमीशन भी मिलता था। सूत्रों ने बताया कि करोड़ों रुपये की नकदी कानपुर समेत देशभर के पांच बड़े पान मसाला कारोबारियों और कुछ इत्र कारोबारियों की है। पीयूष का घर सेफ हाउस के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी के कारण यहां पर सीसीटीवी नहीं था।