सरवनखेड़ा। गजनेर कस्बा में शुक्रवार दोपहर को स्ट्रॉ रीपर (भूसा बनाने वाली मशीन) के लिए ट्रॉली में जाल लगवाने के दौरान लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन से छूने से किसान गंभीर रूप से झुलस गया। पास मौजूद भाई उसे उपचार के लिए सीएचसी गजनेर ले गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को घर ले जाने के बाद परिजन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
गजनेर थाना क्षेत्र के जोधेपुर निवासी किसान धर्मेंद्र यादव (33) पुत्र पुत्तन यादव शुक्रवार को बड़े भाई सुरेंद्र के साथ गजनेर कस्बा के घाटमपुर रोड स्थित एक वेल्डिंग वर्कशॉप पर स्ट्रॉ रीपर के लिए ट्रॉली में जाल लगवा रहे थे। इसी दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजरी हाई टेंशन लाइन में छू जाने से उसको करंट लग गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। पास मौजूद बड़ा भाई उसे सीएचसी ले गया। वहां डॉ. शिखा सचान ने उसको मृत घोषित कर दिया।
शव घर पर पहुंचने पर पत्नी लक्ष्मी, मां शकुंतला, पिता पुत्तन, बाबा बब्बू सिंह रोने लगे। मृतक की एक दो साल की बेटी दिव्या भी है। बड़े भाई सुरेंद्र ने बताया कि दोपहर दो बजे के करीब वह ट्रॉली के नीचे खड़ा था। धर्मेंद्र ने ट्रॉली पर खड़े होकर पाइप को सीधा किया तो पाइप ऊपर निकले तारों से छू गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।