‘गांव की सरकार’ के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। मैथा ब्लॉक
में ग्राम पंचायत, जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत की सीटें बढ़ने की वजह से
वोटरों में जबरदस्त उत्साह है।
जगह-जगह लग रहीं चुनावी चौपालों से मिल रहे
संदेशों ने एक बात साफ हो गई है कि इस बार ‘गांव की सरकार’ के लिए
‘संग्राम’ बेहद दिलचस्प होगा।
विदित हो कि मैथा ब्लॉक में इस बार चार
ग्राम पंचायतों, 17 क्षेत्र पंचायत और एक जिला पंचायत सीट के बढ़ने से
चुनाव हंगामेदार होने के पूरे आसार हैं। मैथा ब्लॉक में अभी तक 70 ग्राम
पंचायतें थीं। इस बार चार सीटें बढ़ने की वजह से यह संख्या 74 हो गई है।
बढ़ी सीटों में मकरंदपुर बंथा, सिंहपुर, परसौली, फत्तेपुर हैं।
जिला
पंचायत सीट भुजपुरा के नाम से बढ़ी है। क्षेत्र पंचायतों की संख्या 74 से
बढ़कर 91 पहुंच गई है। इस संबंध में एडीओ पंचायत केके त्रिपाठी ने बताया कि
बढ़ी सीटों का प्रस्ताव भेजा गया था। इससे स्वीकार कर लिया गया है। ग्राम
पंचायतों में लोगों को अपने पाले में करने की कवायद शुरू हो गई है।
उधर,
आरक्षण व्यवस्था के भय से संभावित प्रत्याशी खुलकर चुनाव प्रचार के लिए
सामने नहीं आ रहे हैं। अंदर खाने तैयारियां चल रहीं है। ग्रामीणों का मानना
है कि चुनाव की तारीख घोषित होने से पहले जनप्रतिनिधियों को टटोल लेने में
बेहतरी है।