कन्नौज। इत्रनगरी में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज न किए जाने से परेशान इत्र कारोबारी व जिम संचालक ने शनिवार को थाना समाधान दिवस में पहुंचकर उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला चौहट्टा निवासी अमृत त्रिवेदी ने बताया कि वह ताजपुर नौकास्त भगवानपुर रोड स्थित र्यालय में पूजा सामग्री और इत्र का कारोबार करते हैं। तीन अगस्त रात 12:30 से सुबह पांच बजे के बीच चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर कार्यालय में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार चोर कार्यालय से 70 हजार रुपये कीमत का लैपटॉप, दो किलो संदल कंपाउंड जिसकी कीमत 1.50 लाख रुपये, एक किलो गुलाब कंपाउंड 90 हजार रुपये और बेला 500 ग्राम जिसकी कीमत 40 हजार रुपये है, चुरा ले गए।
कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद है। पीड़ित ने पांच अगस्त को कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अब तक चोरी की प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। परेशान होकर पीड़ित इत्र कारोबारी ने थाना दिवस में पहुंचकर मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। इसी कारखाना के निकट मोहल्ला बीबी चिमनी निवासी करन कुमार सैनी जिम चलाते हैं। उन्होंने बताया कि तीन अगस्त की रात 12:30 से सुबह पांच बजे के बीच चोर छत के रास्ते जिम में घुसे। चोर काफी देर तक जिम में मौजूद रहे।
पीड़ित ने थाना समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चोरी से संबंधित सीसीटीवी फुटेज मांगे गए हैं, फुटेज की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शाम ढलते ही लगता अराजक तत्वों का जमावड़ा
शिकायतकर्ता इत्र कारोबारी व जिम संचालक ने बताया कि यहां पर पुलिया के पास शाम ढलने के बाद अराजक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जो यहां पर नशेबाजी करते हैं। ऐसे में क्षेत्र का माहौल खराब हाे रहा है और स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा की भावना है। क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की गई है।