घरों के अंदर आई दरारों को देखते मोहल्ले के लोग
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के हमीरपुर जिले में राठ कस्बे के पठनऊ मोहल्ले में दस मकानों में अचानक दरारें पड़ने से हड़कंप मच गया। मकान गिरने की संभावना को लेकर लोग घरों के बाहर निकल आए। नगर पालिका के चेयरमैन, अधिकारियों और एसडीएम ने मौके पर पहुंच जायजा लिया। प्रशासन ने घरों के गिरने की संभावना को लेकर दूसरे स्थानों पर रहने की व्यवस्था कराई है।
गुरुवार की दोपहर कस्बे के पठनऊ मोहल्ला जामा मस्जिद के पास रहने वाले लोगों में उस समय हड़कंप मच गया जब उन्हाेंने अपने घरों में अचानक आईं दरारें देखी। कुछ ही देर में दरारें चौड़ी हो गईं। वहीं कुछ मकान जमीन में धंसने लगे। देखते ही देखते लोगों का हुजूम जमा हो गया। मोहल्ले के कुरेशा पत्नी हामिद, मुन्ना पुत्र रसीदउल्ला, समद खां, बाबू खां, हुसैन, महमूद, अख्तरी आदि के मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं।
सूचना पाकर चेयरमैन श्रीनिवास बुधौलिया, ईओ केके मिश्रा, एसडीएम सुरेश कुमार पाल ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। हादसे की आशंका को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से दरार पड़ने वाले मकानों को खाली कराकर उनमें रहने वाले लोगों के रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई।