इसी भैंसे ने ली थी अपने मालिक की जान
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार की शाम एक पालतू भैंसे ने चारा खिलाने के दौरान अपने मालिक और मालकिन को कुचलकर मौत की नींद सुला दिया था। शोकाकुल परिवार के परिजनों ने खूंखार भैंसे को लाठी- बल्लम और रस्सों से काबू कर एक कसाई के हवाले कर दिया।
कानपुर शिवराजपुर (बिल्हौर) थाना क्षेत्र के हरनू गांव में शनिवार की शाम एक पालतू भैंसे ने चारा खिलाने के दौरान अपने मालिक और मालकिन को कुचलकर मार डाला था। वन कर्मियों के नहीं पहुंचने पर देररात ग्रामीणों ने खलिहान में घेराबंदी कर भैंसे को काबू किया। इधर, रविवार को शवों के अंतिम संस्कार के बाद दंपति के पुत्र ने खूंखार भैंसे को 15 हजार रुपये में कसाई के हाथों बेंच दिया। वहीं, गांव से भैंसा चले जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
शनिवार की शाम 4 बजे हरनू गांव निवासी अजय पाल (48) और पत्नी अनारकली (42) को पालतू भैंसा ने चारा देने के दौरान सींघ से हमला कर दिया था। दोनों की मौके पर मौत हो गई थी। इधर, रविवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद आए शवों का खेरेश्वरतट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इसके बाद घर पहुंचे दंपति के पुत्र पिंटू और अन्य ग्रामीणों ने खलिहानों में घूम रहे खूंखार भैंसा को लाठी- बल्लम और रस्सों से काबू किया और कानपुर से आए एक कसाई के लोडर पर लदवा कर रवाना कर दिया। मौके पर पहुंचीं हरनू ग्राम पंचायत की लेखपाल कर्णिका ने बताया कि मृतक को कृषक दुर्घटना बीमा के अंतर्गत आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही प्रधान पति पप्पू यादव ने पीड़ित दंपति के पुत्र को आवास सहित अन्य प्रकार की सहायता देने का भरोसा दिया है। एसडीएम विनीत कुमार ने बताया कि भैंसा पालतू था और घटना के बाद शांत हो गया था, इसलिए वन विभाग की टीम नहीं पहुंची थी।