महिला पर अचानक अजगर ने हमला कर दिया
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के घाटमपुर में खेतों पर काम रही महिला पर अचानक एक अजगर ने हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर भागी महिला ने शोर मचाकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से अजगर को पकड़ लिया।
इसके बाद अजगर को खूंटे से बांध दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने वन विभाग की टीम को बुलाया। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम के वक्त के देवरा गांव में एक महिला खेत पर काम रही थी, तभी झाड़ियों के बीच से निकले अजगर ने पीछे से हमला कर दिया।
जान बचाकर भागी महिला ने आसपास के खेतो में काम कर रहे लोगों को इसकी जानकारी दी। लगभग 9 फीट लंबा अजगर देखकर सभी हैरान रह गए। ग्रामीण उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। कुछ युवाओं ने लाठी डंडे लेकर अजगर को पकड़ने हिम्मत जुटाई।
लगभग डेढ घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने अजगर पर काबू पाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी ग्रामीणों की मदद की। वन विभाग के डिप्टी रेंजर अरूण कुमार अवस्थी ने बताया कि अजगर को कब्जे में ले लिया है। उसे कानपुर प्राणी उद्यान में छोड़ दिया जाएगा।