एक सप्ताह बाद लोगों को राशन की दुकान से प्रति राशन कार्ड पांच किलो अरहर की दाल 120 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिलेगी। सभी राशन कार्डधारकों को एक किलो आयोडीन युक्त नमक भी मिलेगा।
दाल की जमाखोरी करनेवालों से सख्ती से निपटा जाएगा। सभी डीएसओ को छापे मारकर कार्रवाई के लिए कहा गया है। यह जानकारी प्रमुख सचिव (खाद्य) सुधीर गर्ग ने दी।
शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विदेश से आ रही दाल मुंबई बंदरगाह पर 70 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदेगी। यह दाल राशन दुकानों पर 120 रुपये प्रति किलो बंटवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुंबई से यहां तक दाल लाने और पैकिंग का खर्च जोड़कर 120 रुपये प्रति किलो पड़ेगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लोगों को एक दिसंबर से राशन बांटने का काम शुरू होगा। पहले चरण में प्रदेश के 24, दूसरे चरण में 26 और तीसरे चरण में 25 जिलों में यह व्यवस्था लागू होगी।
कानपुर देहात को छोड़कर कानपुर मंडल के सभी जिले प्रथम चरण में रखे गए हैं। प्रमुख सचिव ने विभागीय अफसरों के साथ बैठक की। धान खरीद की तैयारियों के बारे में भी पूछा। इस दौरान एडीएम सप्लाई शारदा प्रसाद, रीजनल फूड कंट्रोलर आरएन वाजपेयी और डीएसओ नीरज कनौजिया मौजूद रहे।