कानपुर देहात। मौसम में बदलाव के कारण अस्पतालों में वायरल बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। मेडिकल के अलावा निजी अस्पतालों में भी मरीजों की भारी संख्या देखने को मिल रही है। ज्यादातर अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इनमें वायरल बुखार, खांसी, जुकाम के करीब 300 मरीज शामिल रहे।
मेडिकल कॉलेज की मेडिसिन विभाग की डॉ. आराधना वर्मा ने बताया कि ओपीडी में संख्या सामान्य दिनों से अधिक हो गई है। अस्पताल में प्रतिदिन कई लोग बुखार, सिरदर्द, उल्टी और बदन दर्द की शिकायत के साथ इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकांश मामलों में वायरल संक्रमण मिल रहा है। इसमें सबसे अधिक संख्या छोटे बच्चों की है क्योंकि उनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। बताया कि मंगलवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 1540 मरीजों ने विभिन्न बीमारियों के मरीजों ने पंजीकरण कराकर परामर्श लिया।
डॉ. अपूर्वा सिंह ने सलाह दी है कि बच्चों को बीमारियों से बचाव के लिए अभिभावकों को आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। किसी भी प्रकार के लक्षण के दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। बारिश के मौसम में लोगों को भीगने से बचना चाहिए, इसके साथ-साथ खाने में तली-भुनी और बासी खाद्य पदार्थों से दूरी बनानी चाहिए।
ताजा और गर्म आहार लेना फायदेमंद होगा। इस मौसम में डायरिया के केस भी आ रहे हैं। ऐसे में साफ-सफाई का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। खुले और फुटपाथ पर बिक रही खाद्य पदार्थों को न खाएं, लगातार और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। पीलिया के मामले भी धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं।