फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: अल्ट्रासाउंड कक्ष में भीड़ होने पर मिल रही अगली तारीख, मरीजों ने जताई नाराजगी

Fri, 28 Nov 2025 12:43 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। मेडिकल कॉलेज के अल्ट्रसाउंड कक्ष में भीड़ हो रही है। एक दिन में 100 जांच का आंकड़ा पार होने पर डॉक्टर मरीजों को अगले दिन बुला रहे हैं। गुरुवार को दोपहर एक बजे तक मरीज अपनी बारी का इंतजार करते रहे। पर्चे न जमा किए जाने पर कुछ महिलाओं ने नाराजगी जता हंगामा किया। सीएमएस ने कुछ की जांच कराई, जबकि कुछ बिना जांच के लौट गए।
विज्ञापन

मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल व नये भवन में दो अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित हैं। सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों की संख्या इतनी अधिक है कि अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर सुबह से ही पर्चों को लिए भीड़ जमा हो जाती है। इस भीड़ के कारण कई मरीजों को बिना जांच करवाए ही वापस लौटना पड़ जाता है। नतीजतन, कई मरीजों को जांच कराने के लिए लगातार दो दिन अस्पताल के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जिससे उनका समय बर्बाद हो रहा है।
गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के नये भवन में संचालित ओपीडी में डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए 1157 मरीजों ने पर्चा बनवाया। इसमें से कई मरीजों को डॉक्टर की ओर से अल्ट्रासाउंड करवाने की सलाह दी गई। दोपहर एक बजे के करीब भी अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर लोगों की भीड़ मौजूद रही। इस दौरान कक्ष के बाहर खडीं कुछ महिलाओं ने घंटों इंतजार करने के बाद भी पर्चा जमा न होने का विरोध जताना शुरू कर दिया। मरीजों का कहना है कि कम से कम उनका पर्चा जमा कर अगले दिन के लिए पहले नंबर दिया जाए। जिससे उन्हें दूसरे दिन लाइन में न लगना पड़े।
विज्ञापन

इसी बीच वहां मौजूद प्रिंस तिवारी ने सीएमओ डॉ. एके सिंह को कॉल कर शिकायत की। सीएमओ को बताया कि वह बुधवार को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज आए थे। इसपर कर्मचारियों ने उन्हें अगले दिन आकर अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए कहा। गुरुवार को भी वह अल्ट्रासांउड करवाने के लिए आए हैं मगर आज भी उनकी जांच नहीं हो सकी। इस पर सीएमओ ने उनको बताया कि मेडिकल कॉलेज प्राचार्य व सीएमएस के अधीन है। वह सीएमएस को इसकी जानकारी दे देंगे। जिससे मरीजों की समस्या को दूर किया जा सके। इसके बाद मरीजों व उनके तीमारदारों ने मामले की शिकायत सीएमएस डॉ. वंदना सिंह से की है।
....................
बोले मरीज
बाद में आने वाले लोगों का साठ-गांठ से किया जा रहा अल्ट्रासाउंड
रनियां निवासी आशा ने बताया कि पेट में समस्या होने पर वह मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर को दिखाने आई थीं। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड करवाने की सलाह दी है। एक घंटा इंतजार करने के बाद जांच तो छोड़िए पर्चा भी जमा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल के कुछ कर्मचारी साठ-गांठ से पर्चा देकर बाद में आने वाले लोगों का अल्ट्रासाउंड करवा दे रहे हैं।
......................
अगले दिन के पहले किया जाए अल्ट्रासाउंड
सिथरा रामपुर निवासी मोंटी ने बताया कि वह अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज आए थे। यहां कर्मचारियों ने अगले दिन आने की बात कहकर पर्चा नहीं जमा दिया। अगले दिन आने में जरा भी देरी हुई तो दूसरे दिन भी उन्हें सुविधा नहीं मिल पाएगी। इसके लिए प्रबंधन की ओर से पर्चा जमा कर अगले दिन पहले अल्ट्रासांउड किए जाने का टोकन दिया जाना चाहिए।
.............................
60 किलोमीटर दूर से अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए आते हैं मरीज
जिले की रसूलाबाद व डेरापुर सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन तो उपलब्ध है मगर रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं है। इसके चलते रसूलाबाद ब्लॉक व डेरापुर ब्लॉक के मरीज अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज आते हैं। रसूलाबाद से आने वाले मरीजों को 60 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में उन्हें सुविधा न मिल पाने से परेशानी का सामना करना पड़ता है।
................
वर्जन..............
साठ-गांठ से अल्ट्रासाउंड करवाने के आरोप निराधार हैं। एक अल्ट्रासाउंड मशीन से एक दिन में करीब 100 लोगों के ही अल्ट्रासाउंड हो पाते हैं। इसके चलते मरीजों को अगले दिन सुविधा लेने की सलाह दी जाती है। - डॉ. वंदना सिंह, सीएमएस
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें