पुराना शिवली रोड स्थित 'न्यू शुभ हॉस्पिटल' में आंत के ऑपरेशन के चंद घंटे बाद ही एक बुजुर्ग मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही भड़के परिजनों ने बुधवार रात अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा काटा और डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
पेट दर्द की शिकायत पर हुए थे भर्ती, ऑपरेशन के बाद थमी सांसें
जानकारी के मुताबिक, नवाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दुर्गापुरवा निवासी विक्रम ने बताया कि उनके 60 वर्षीय पिता सत्यनारायण निषाद को पेट में अचानक तेज दर्द और गैस बनने की गंभीर शिकायत हुई थी। इसके बाद परिजनों ने उन्हें मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पुराना शिवली रोड स्थित न्यू शुभ हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
परिजनों का हंगामा, पुलिस ने शांत कराया मामला
पिता की अचानक हुई मौत से स्तब्ध और आक्रोशित परिजनों का गुस्सा डॉक्टरों पर फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लापरवाही और गलत ऑपरेशन के कारण ही सत्यनारायण की जान गई है। देखते ही देखते परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
बिना अनुमति चल रहा था ICU, स्वास्थ्य विभाग करेगा बड़ी कार्रवाई
इस पूरी घटना के बाद जब प्रशासनिक स्तर पर अस्पताल की जांच शुरू हुई, तो एक बेहद खौफनाक हकीकत सामने आई। न्यू शुभ हॉस्पिटल के पास आईसीयू संचालित करने की कोई वैध अनुमति नहीं थी, इसके बावजूद वहां गंभीर मरीजों को भर्ती कर अवैध रूप से आईसीयू चलाया जा रहा था।