यूपी के औरैया जिले में कंचौसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर अक्सर मालगाड़ी खड़े रहने से सवारी गाड़ियों को दूसरे ट्रैक पर रोका जाता है। इससे यात्री पटरियों से होकर ट्रेन पकड़ने लगते हैं। इससे कभी भी हादसा हो सकता है।
शुक्रवार को भी ऐसा ही हुआ, जब कानपुर की तरफ जाने वाली शिकोहाबाद-कानपुर मेमो के आने पर यात्री पटरियों के बीच पहुंच गए। ट्रेन के ड्राइवर ने आननफानन ब्रेक लगाकर गाड़ी को रोका। पटरी पर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी थे। गनीमत रही कि इस दौरान अप लाइन पर कोई ट्रेन नहीं आई वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
कंचौसी स्टेशन पर अक्सर प्लेटफार्म नंबर एक पर मालगाड़ी के खड़े रहने से यात्री-गाड़ियों को दूसरे ट्रैक पर रोक दिया जाता है। स्टेशन अधीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि कानपुर की ओर जाने वाली ट्रेन की पटरी खाली न होने के कारण यह समस्या रहती है। दैनिक यात्रियों ने प्लेटफार्म नंबर एक को सवारी गाड़ियों के आने के समय खाली रखने की मांग की है।