कानपुर देहात। जनपद से होकर निकलने वाले कानपुर-झांसी हाईवे व सर्विस रोड पर खड़े ट्रक व डंपर से वाहनों के भिड़ने से हादसों का आशंका रहती हैं। इसके बावजूद भारी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग हो रही हैं। वहीं, एनएचएआई के अलावा जिला प्रशासन ने नौ स्थानों को चिह्नित कर पार्किंग बनाई है लेकिन जिम्मेदार यातायात सुगम करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
कानपुर-झांसी हाईवे पर बारा जोड़ से भोगनीपुर तक करीब 35 किलोमीटर जिले की सीमा लगती है। इस मार्ग से मौरंग व गिट्टी के डंपर और ट्रक निकलते रहते हैं। चालक होटल व ढाबों पर आराम करने के लिए हाईवे या फिर राहगीरों की सहूलियत के लिए बनाई गई सर्विस रोड पर वाहनों को खड़ा कर लेते हैं। ऐसे में लोगों को मजबूरन हाईवे पर चलना पड़ता है। जो कभी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं।
जिला प्रशासन हर महीने होने वाली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाने के निर्देश देता है लेकिन जिम्मेदार सिर्फ कागजों पर ही खानापूर्ति कर निर्देशों को फाइलों में बंद कर देते हैं। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने सोमवार को पड़ताल की तो जगह-जगह भारी वाहन हाईवे किनारे और सर्विस रोड पर खड़े नजर आए। जो जिम्मेदारों की कार्यशैली को दर्शाते हैं। यह स्थिति तब है जब सड़क दुर्घटना में प्रतिमाह 20 से 25 लोगों की जान जा रही है।
....................
माती तिराहा, समय दोपहर 12:45 बजे
झांसी जाने के लिए वाहनों के चालक बाराजोड़ से माती होते हुए निकलते हैं। माती तिराहा से भोगनीपुर जाने वाले मार्ग से होते हुए बढ़ते ही सर्विस रोड पर एक साथ कई डंपर खड़े नजर आए जबकि एनएचएआई सर्विस रोड का निर्माण स्थानीय लोगों की सहूलियत के लिए बनाती है। ऐसे में राहगीरों को सर्विस रोड की जगह हाईवे से निकलना मजबूरी हो जाता है। जो कभी भी हादसे का कारण बन सकता है। यह स्थान ब्लैक स्पॉट के लिए भी चिह्नित है।
.................
मावर, समय दोपहर 1:15 बजे
झांसी की तरफ से आने वाले हाईवे से माती की तरफ आने के दौरान मावर के पास दो ट्रक खड़े नजर आए। वहीं, झांसी की तरफ जाने वाली लेन में ढाबे के बाहर कई भारी वाहन कतार से हाईवे किनारे खड़े थे। ऐसे में पीछे से आने वाले वाहन इनकी चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। पुलिस-प्रशासन ने सड़क पर वाहनों को खड़ा कराने वाले ढाबों व होटल संचालकों को नोटिस देते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
..................
बयान.....
ओवरलोडिंग कर चलने वाले व हाईवे किनारे नो पार्किंग जोन में खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाया जाता है। अब इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - रोहित राजपूत, एआरटीओ, प्रवर्तन
.................
इन प्रमुख स्थानों पर बनाए गए हैं पार्किंग एरिया
- पिपरी, भोगनीपुर
- छतेरी, भोगनीपुर
- डिलौलिया बांगर, भोगनीपुर
- मावर, भोगनीपुर
- महमूदपुर बुजुर्ग, सिकंदरा
- बारा, अकबरपुर