कानपुर देहात। परिषदीय स्कूलों के छात्रों के वार्षिक परिणाम भी अब ऑनलाइन जारी होंगे। इसके लिए बीएसए की तरफ से खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह अपने क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में इसका अनुपालन सुनिश्चित करें।
जिले के 1922 परिषदीय स्कूलों में कक्षा दो से आठवीं तक लिखित परीक्षा 18 से 22 मार्च तक दोनों पालियों में हुई। परीक्षा में कुल 1,22,674 छात्रों ने हिस्सा लिया। इसमें कक्षा एक के 15270 विद्यार्थियों की सिर्फ मौखिक परीक्षा ली गई। अब इन विद्यार्थियों का रिपोर्ट कार्ड उनके अभिभावक भी ऑनलाइन देख सकेंगे। कक्षा एक से आठ तक के छात्रों के रिपोर्ट कार्ड प्रेरणा पोर्टल के लिंक www.prerna.up.in पर अपलोड किए जा रहे हैं। निर्देश मिलने के बाद रिपोर्ट कार्ड 31 मार्च तक ऑनलाइन किए जाएंगे।
डीसी प्रशिक्षण सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए शासन स्तर से तमाम कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। समय-समय पर शिक्षकों को शिक्षण कार्य को बेहतर करने के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार व प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से शासन की ओर से प्रेरणा पोर्टल वर्ष 2019 में शुरू किया गया था। अब इसी पोर्टल पर स्कूल वार नामांकित छात्रों का अंक पत्र लोड करने के निर्देश लागू किए गए हैं।
.............................
वर्जन............
शिक्षा महानिदेशक कार्यालय से मिले निर्देश के क्रम में सभी परिषदीय स्कूलों के अंकपत्र प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसका उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। सभी बीईओ अपने क्षेत्र के स्कूलों में निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित कर रहे हैं। - अजय कुमार मिश्र, बीएसए