रूरा। तिगाईं में अकबरपुर मुख्य मार्ग किनारे लगा बिजली पोल रविवार देर रात 11 बजे ट्रैक्टर की टक्कर से टूट गया। तिगाईं समेत पांच गांवों की बिजली पूरी रात गुल रही। 18 घंटे बाद सोमवार को बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
तिगाईं गांव निवासी संजय सिंह, अखिलेश, श्याम व राधाकिशन ने बताया कि रविवार रात में तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली पोल से टकरा गया। पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। इससे मेन लाइन ब्रेक डाउन हो गई। पांच गांवों में पूरी रात बिजली गुल रही। इन्वर्टर दगा देने से रात में नींद में खलल पड़ा। सुबह पेयजल किल्लत रही। सोमवार दोपहर में बिजली निगम के कर्मी दूसरा पोल लेकर पहुंचे। बिना सेफ्टी किट के ही कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पोल बदला। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। शाम को करीब छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। एसडीओ बृजेंद्र कुमार ने बताया कि पोल के टूटने से तिगाई, बरौला, पुर, परसद्दापुर व मुक्तापुर गांव में करीब दो हजार कनेक्शन की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।