फोटो संख्या 26-एकेबीपी-02 परौंख में निरीक्षण करते कमिश्रर राज शेखर मौजूद डीएम व सीडीओ
अपने कोविंद की अगवानी को परौंख व पुखरायां तैयार
राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार पहुंचेंगे पैतृक गांव, कमिश्नर के साथ अन्य अधिकारियों ने लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर देहात। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से सुबह 09:05 बजे अपने पैतृक गांव परौंख आएंगे। इसके बाद चार स्थानों का भ्रमण व लोगों से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए पैतृक गांव परौंख व पुखरायां में तैयारी पूरी कर ली गई है। शनिवार को दोनों स्थानों पर अफसरों की चहलकदमी जारी रही। कमिश्नर ने डीएम व सीडीओ के साथ तैयारियों का जायजा लिया।
राष्ट्रपति बनने के करीब चार साल बाद रामनाथ कोविंद पैतृक गांव परौंख में पहली बार रविवार को आएंगे। गांव पहुंचने पर वह पथरी देवी मंदिर में दर्शन व पूजन के बाद आंबेडकर पार्क में जाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। यहां से वह प्राथमिक विद्यालय के कार्यक्रम मेें शामिल होंगे। जहां पर वह चिह्नित लोगों व परिवारीजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से पुखरायां रवाना होंगे। उनके आगमन को लेकर शनिवार को गांव के साथ पुखरायां में तैयारियां को अंतिम रूप दिया गया। कमिश्नर राज शेखर, एडीजी भानु भाष्कर, डीएम जेपी सिंह, सीडीओ सौम्या पांडेय गांव पहुंची। अधिकारियों ने सबसे पहले हेलीपैड का जायजा लिया। इसके बाद मंच की तैयारी देखने पहुंचे। कमिश्नर ने मंच पर बैठने वालों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह पथरी देवी मंदिर पहुंचे। मंदिर के पास लगी होर्डिंग को लेकर एडीजी भानु भाष्कर ने नाराजगी जताई। सीडीओ सौम्या पांडेय को तत्काल होर्डिंग हटवाने के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी केके चौधरी, एआरटीओ प्रशासन मनोज कुमार वर्मा, डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह, समाज कल्याण अधिकारी अशोक सिंह आदि मौजूद रहे।
फोटो संख्या 26-एकेबीपी-03 परौंख में फूलों से सजाया जाता पथरी देवी मंदिर
नासिक के गुलाब व लखनऊ के रजनीगंधा से सजाया गया मंदिर
कानपुर देहात। राष्ट्रपति पैतृक गांव आने पर पथरी देवी मंदिर में परिवारीजनों समेत पूजन करने जाएंगे। इसको देखते हुए पथरी देवी मंदिर को नासिक के गुलाब, लखनऊ के रजनीगंधा आदि फूलों से सजाया गया। ठेकेदार राजू ने बताया कि मंदिर में छह प्रकार के करीब तीन क्विंटल फूल लगाए गए हैं।