डेरापुर। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत/ग्राम विकास अधिकारियों ने सोमवार को ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था और उनसे लिए जा रहे गैर-विभागीय कार्यों को लेकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर कार्य शासकीय कार्य किया। कहा कि उनकी मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा ने बताया कि विभागीय व्यवस्था से बाहर के कार्यों का लगातार बढ़ता बोझ उन्हें कार्य करने में बाधित कर रहा है। इसी वजह से विरोध स्वरूप चार दिसंबर के बाद सभी सचिव सरकारी व्हाट्सएप ग्रुपों से स्वयं को अलग कर लेंगे।इसके साथ ही सभी सचिव 10 दिसंबर से अपने निजी वाहनों का उपयोग पूरी तरह बंद कर देंगे।
उनकी मांगों की सुनवाई न होने पर 15 दिसंबर को सभी सचिव अपने-अपने डोंगल जमा कर देंगे, जिससे ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो सकता है। इस दौरान दिलीप कुमार, शिवम अग्निहोत्री, शशांक यादव, सूरज, मगन, धर्मेंद्र आदि सचिवों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, आंदोलन क्रमवार जारी रहेगा।