उत्तर प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव में प्रशासन की ओर से तमंचा, बंदूक और अन्य तरह के खतरनाक अस्त्र शस्त्र भले ही जब्त कर लिए जाते हों, लेकिन इस बार का चुनाव तीर, तलवार और फरसा के अलावा तमंचा, बंदूक और तोप पर भी लड़ा जाएगा।
दरअसल उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतपत्रों का नमूना जारी कर दिया है। इसमें चुनाव निशान के तौर पर इन्हें शामिल किया गया है। अब चुनावी चौपालों में चर्चा ये है कि किसी न किसी प्रत्याशी को ये निशान आवंटित होंगे।
कोई कहेगा भैया, तमंचे पर मुहर लगाना तो कोई कहेगा मुहर लगेगी बंदूक पर। इसके अलावा और भी दिलचस्प चुनाव निशान शामिल किए गए हैं। जिला पंचायत सदस्यों के लिए 31, सदस्य क्षेत्र पंचायत के लिए 36, ग्राम प्रधान के लिए 57, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 18 चुनाव निशान जारी किए गए हैं।
206 अफसर देेखे चुनाव की व्यवस्था
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए जिले में 11 रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और 175 असिस्टेंट रिटर्निंग अफसर (एआरओ) की ड्यूटी लगा दी गई है। 20 असिस्टेंट रिटर्निंग अफसरों को रिजर्व रखा गया है। सबसे ज्यादा बिधनू और भीतरगांव ब्लाक में क्रमश 23 और 21 एआरओ की तैनाती की गई है।