निर्वाचन आयोग की ओर से जारी गाइड लाइन में कोरोना संक्रमित को भी चुनाव लड़ने की अनुमति दी गई है। हालांकि उसका नामांकन पत्र प्रस्तावक के जरिये प्रस्तुत किया जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने कलक्ट्रेट सभागार में दी।
विज्ञापन
डीएम ने निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी प्रभारी अधिकारियों के साथ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को परखा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के आवश्यक कार्यो में किसी भी प्रकार की गलती कतई माफ नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली जाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार, अपर जिला अधिकारी (वित्त) वीरेंद्र पांडेय, एसडीएम सदर श्रीलक्ष्मी, आदि उपस्थित रहे।
इतने पदों पर होंगे चुनाव
7446 पद ग्राम पंचायत सदस्य के
590 पद ग्राम प्रधान के
789 पद क्षेत्र पंचायत सदस्य के
32 पद जिला पंचायत सदस्य के
826 मतदान केंद्र निर्धारित
जिले में एक साथ नामांकन, मतदान एवं मतगणना होनी है। इसके लिए 826 मतदान केंद्र एवं 1994 मतदान स्थल (बूथ) निर्धारित किए गए हैं। ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) की नामांकन प्रक्रिया संबंधित विकास खंड कार्यालय पर होगी। जिला पंचायत सदस्य की नामांकन प्रक्रिया जिला पंचायत कार्यालय पर होगी।
जिला पंचायत चुनाव : किसी भी सीट में नहीं हुआ बदलाव
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण की अंतिम सूची गुरुवार देर रात जारी कर दी गई है। विभिन्न पदों को लेकर 192 आपत्तियां आई थीं लेकिन जांच में इन सबको खारिज कर दिया गया। प्रधान पद के लिए 174, जिला पंचायत सदस्य के लिए 8, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए सात, ब्लॉक प्रमुख के लिए दो आपत्तियां आई थीं। इस बार जिले में प्रधान पद के लिए 590 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। जिला पंचायत सदस्य की 32, ब्लॉक प्रमुख की 10, क्षेत्र पंचायत सदस्य की 7446 सीटों पर चुनाव होगा। प्रधान की 196 सीटें, जिला पंचायत सदस्य की 10 सीटें, ब्लॉक प्रमुख की चार सीटें, क्षेत्र पंचायत सदस्य की 267 सीटें सामान्य हैं।