कानपुर। एग्रीस्टैक डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए पंचायत सहायकों को भी सर्वेयर बनाए जाने की संभावना जताई गई है। इस पर पंचायत सहायक यूनियन उत्तर प्रदेश ने विरोध दर्ज करते हुए गुरुवार को बीडीओ को ज्ञापन सौंप कार्य करने में असमर्थ जताई है।
यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि पंचायत सहायकों के पास न तो जीपीएस युक्त स्मार्टफोन हैं न ही तकनीकी संसाधन जिससे वे खेतों में जाकर डिजिटल सर्वे कर सकें। पंचायत सचिवालय में वह एकमात्र कर्मचारी हैं और फील्ड में जाने से सचिवालय का कार्य बाधित होगा। अन्य विभागीय कार्यों में सहायकों को लगाने से जनसेवा केंद्र संचालन, पत्राचार रिकॉर्ड संरक्षण जैसे कार्य प्रभावित होंगे। महिला पंचायत सहायकों के लिए दुर्गम क्षेत्रों में सर्वे करना सुरक्षा की दृष्टि से भी उचित नहीं है। बीडीओ निशांत राय ने ज्ञापन लेते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराने की बात कही। सरसौल ब्लॉक के 62 ग्राम सभाओं से पहुंचे पंचायत सहायकों ने बताया कि तहसील में उपजिलाधिकारी को भी ज्ञापन दिया जाएगा। (ब्यूरो)