पान पराग पान मसाला के संस्थापक मनसुख भाई कोठारी का शुक्रवार को तिलक नगर स्थित आवास ‘सुखधाम’ में निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे और काफी समय से बीमार चल रहे थे।
एमएम और बाबूजी के नाम से मशहूर मनसुख भाई का अंतिम संस्कार शनिवार को सुबह 10.30 बजे भैरवघाट पर किया जाएगा। वे अपने पीछे पत्नी शारदा बेन, पुत्र उद्योगपति विक्रम कोठारी, दीपक कोठारी, पुत्री रीता बेन, पौत्र और प्रपौत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़कर गए हैं।
उनके निधन पर शहर के उद्योगपतियों, कारोबारियों, राजनेताओं, अफसरों ने घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। शहर में पान मसाला उद्योग की नींव रखने वाले बाबू जी ने कारोबार की शुरुआत मजदूरी से की थी और धीरे-धीरे इतना बड़ा कारोबारी साम्राज्य खड़ा कर दिया। मौजूदा समय में पान मसाला के अलावा रियल इस्टेट, मिनरलवाटर, विंड एनर्जी, ऑयल इंडस्ट्री का भी कारोबार है।