कानपुर। स्व. नागेंद्र स्वरूप स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को हुए पहले सेमीफाइनल मैच में सचिन इलेवन ने अजहर इलेवन को पांच विकेट से हरा फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल मैच में पीएसी नर्सरी ने आरवीएस क्रिकेट एकेडमी को सात विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। रविवार को पीएसी नर्सरी और सचिन इलेवन के बीच फाइनल मैच होगा।
फूलबाग स्थित डीएवी मैदान पर हुए पहले मैच में अजहर इलेवन की पूरी टीम 13.5 ओवर में मात्र 62 रन पर आउट हो गई। टीम से कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका, तो गेंदबाजी में प्रिंस सेंगर व प्रतीक साहू ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
वहीं, सचिन इलेवन ने 15 ओवर में पांच विकेट पर 65 रन बनाकर मैच जीता। इसमें उमर रहमान ने सर्वाधिक 29 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में अखिल, रंगानाथ ने एक-एक विकेट लिया। प्लेयर ऑफ द मैच प्रिंस सेंगर को चुना गया।
दूसरे मैच में आरवीएस क्रिकेट एकेडमी ने 20 ओवर में सात विकेट पर 105 रन बनाए। टीम से कृष्णा यादव ने सर्वाधिक 44 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में सेजल चौहान ने तीन, यशस्वी, सार्थक व आयुष ने एक-एक विकेट झटका। वहीं, पीएसी नर्सरी की टीम ने 16.5 ओवर में तीन विकेट पर 106 रन बनाकर मैच जीता।
जीत में सार्थक ठाकुर ने 51 रन की पारी व रेयांश पाल ने 38 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में हर्षवर्धन, देवेश व रंजीत यादव ने एक-एक विकेट लिया। प्लेयर ऑफ द मैच सार्थक ठाकुर को चुना गया। आयोजन सचिव एहसान इमरान ने बताया कि फाइनल मैच डीएवी मैदान पर सुबह सात बजे से होगा।