एक तरफ जहां ऑक्सीजन का संकट बना हुआ है वहीं दूसरी तरफ घाटमपुर में ब्लॉक कार्यालय के समीप हाईवे किनारे टैंकर खड़ा कर चालक ऑक्सीजन उड़ाता नजर आया। वीडियो वायरल होने के बाद टैंकर के नंबर के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।
घाटमपुर में मुगल रोड पर ब्लॉक कार्यालय के पास रविवार को हाईवे किनारे टैंकर खड़ाकर ऑक्सीजन हवा में उड़ाते टैंकर चालक का वीडियो वायरल हो गया। इसकी जानकारी पर अधिकारियों ने टैंकर के नंबर के आधार पर जांच शुरू करा दी है।
विज्ञापन
संकट के बीच रविवार को ऑक्सीजन बर्बाद कर रहे चालक को जब राहगीरों ने टोका तो वह नोजल बंद कर टैंकर लेकर भोगनीपुर की ओर चला गया। नंबर की पड़ताल में पता चला कि टैंकर पश्चिम बंगाल के जिला बैरकपुर निवासी कुलविंदर कौर पत्नी खजान सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है।
खजान सिंह ने फोन पर बताया कि उनकी गाड़ी का नंबर तो यही है, पर वह ऑक्सीजन टैंकर नहीं है। उधर, घटनाक्रम से घंटों अनभिज्ञता जाहिर कर रहे स्थानीय अफसरों से उच्चाधिकारियों ने जवाब तलब किया तो वे हरकत में आए। सीओ पवन गौतम ने बताया कि ड्राइवर मानसिक रूप से बीमार ही होगा। नंबर के आधार पर जांच की जा रही है।