कानपुर। योग की विभिन्न मुद्राओं, शारीरिक संतुलन, लचीलेपन और एकाग्रता का अनूठा संगम शनिवार को कानपुर योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में देखने को मिला। शनिवार को खलासी लाइन स्थित एलेन हाउस पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में शहर के 20 विद्यालयों के 210 विद्यार्थियों ने योगासन की प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सब-जूनियर वर्ग में ऑक्सफोर्ड स्कूल ने प्रथम, डीपीएस सर्वोदयनगर ने द्वितीय और वेंडी स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जूनियर वर्ग में शीलिंग हाउस स्कूल ने पहला, दुर्गाप्रसाद विद्यानिकेतन ने दूसरा और एलेन हाउस पब्लिक स्कूल, पनकी ने तीसरा स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि सुपर हाउस ग्रुप के स्पोर्ट्स मैनेजर शिरीष श्रीवास्तव और सुपर हाउस स्कूल के स्पोर्ट्स डायरेक्टर शशांक भूषण ने विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस अवसर पर अध्यक्ष अशोक सिंह, नेहा गुप्ता, प्रतीक निगम, सोनाली धनवानी, पूनम बाजपेई और विपिन पाठक मौजूद रहे। रविवार को 18 से 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों की योगासन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।