कानपुर देहात। वाहन चालकों को नियमों का पाठ पढ़ाने वाले संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारी कार्यालय के बाहर ही पालन नहीं करवा पा रहे हैं। यहां हाईवे की सर्विस रोड पर ट्रक, चार पहिया व दो पहिया वाहनों की पार्किंग बनी है।
वहीं, कार्यालय में लाइसेंस, टैक्स जमा करने व पंजीयन जैसे काम कराने के लिए आने वाले आवेदकों के लिए ठेले पर चलता फिरता कैफे मौजूद है। जबकि कार्यालय के अंदर बाबू के कमरे में बाहरियों की पहुंच रहती है।
जिले के एआरटीओ कार्यालय में प्रतिदिन स्थाई लाइसेंस बनाने की 108 की स्लाट है। जबकि नवीनीकरण के लिए 45 है। यहां प्रतिदिन 25 से 30 आवेदक लाइसेंस बनवाने के लिए आते हैं। शासन ने भले ही संभागीय परिवहन कार्यालय के सभी काम ऑनलाइन कर दिए हो, लेकिन इसका फायदा काम के लिए कार्यालय आने वाले आवेदकों को मिलता नहीं नजर आ रहा है।
गुरुवार को कार्यालय की पड़ताल की तो कुछ यहीं नजारा सामने आया। कहने को कार्यालय के अंदर बाहरी व्यक्ति का आना मना है, लेकिन बाबू के कमरे में बाहरी व्यक्ति पहुंच काम कराते मिले। परिसर के बाहर सजी दुकानों से लोग लाइसेंस के लिए आवेदन करते दिखे। सड़क तक दुकानें व गाड़ियां खड़ी होने से अव्यवस्था हावी दिखी।