जेएनके इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से आयोजित स्टेनोग्राफर भर्ती मुख्य परीक्षा मंगलवार को जिले के 23 केंद्रों पर हुई। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में हुई परीक्षा में कुल 10489 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4572 ने भाग लिया, जबकि 5917 अनुपस्थित रहे। प्रश्नपत्र में सामान्य हिंदी, सामान्य बुद्धि परीक्षण, सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर व सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े 100 प्रश्न पूछे गए थे। अभ्यर्थियों को हिंदी के सवाल जहां आसान लगे वहीं कंप्यूटर के प्रश्न हल करने में दिमाग पर जोर लगाना पड़ा।
जिले में बने केंद्रों पर सीतापुर, प्रयागराज, बांदा, लखनऊ, लखीमपुर खीरी सहित अन्य जिलों के अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कंप्यूटर से संबंधित प्रश्नों में आईपीवी4 एड्रेस का आकार, एमएस एक्सेल में फॉर्मूला की शुरुआत का चिह्न और फेच-एक्जीक्यूट चक्र में सीपीयू की पहली प्रक्रिया जैसे तकनीकी सवाल शामिल थे। सामान्य ज्ञान खंड में उत्तर प्रदेश विशेष से जुड़े प्रश्नों की बहुतायत देखी गई।
इनमें 1902 में उत्तर प्रदेश के पुनर्गठन के बाद का नाम, जौनपुर नगर की स्थापना, दक्षिणी उत्तर प्रदेश की मिट्टी के प्रकार और उत्तर प्रदेश योजना आयोग का नया नाम जैसे प्रश्न अभ्यर्थियों से पूछे गए। डीआईओएस संतोष कुमार राय ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया गया। जांच के दौरान बेल्ट, घड़ी आदि उतरवाई गईं, वहीं महिला अभ्यर्थियों से कान की बालियां, नोज पिन और अन्य आभूषण उतरवा लिए गए। परीक्षा कड़ी निगरानी में कराई गई।