सीमा पार पाकिस्तान में आतंकी शिविरों पर हमले के बाद कानपुर और फतेहगढ़ (फर्रुखाबाद) की सैन्य टुकड़ियों को ऑरेंज लेवल अलर्ट पर रखा गया है। इसके तहत फौजियों के लॉजिस्टिक (साजो-सामान) को सैन्य वाहनों पर लोड कराया गया है। जैसे ही आदेश मिलेगा, सब बताए गए स्थानों पर कूच करेंगे। सभी आर्डनेंस फैक्ट्रियों, एयरफोर्स स्टेशन चकेरी और कैंट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सेना के अफसरों और जवानों की छुट्टियां रद हैं।
शहर में एयरफोर्स और थल सेना का बड़ा बेस है। सेना अपनी रणनीति का खुलासा नहीं कर रही है लेकिन अलर्ट जारी है। एयरफोर्स परिक्षेत्र में घुसने से पहले छानबीन की जा रही है। पास बनाकर ही अंदर भेजा जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को मोबाइल के साथ कैंपस में जाने की इजाजत नहीं है। सबसे वास्तविक पहचान पत्र जमा कराया जा रहा है। इसी तरह कैंट और उसके आसपास के महत्वपूर्ण ठिकानों की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। सबसे कहा गया है कि अब आपात स्थिति में ही छुट्टी दी जाएगी। दशहरा और दीपावली की छुट्टियां भी नहीं मिल सकेंगी।