उरई जिले में साइबर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवतियों से ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी शादी डॉट कॉम और जीवनसाथी डॉट कॉम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवतियों को विश्वास में लेते थे। इसके बाद परिवार में गंभीर बीमारी का बहाना बनाकर इलाज के नाम पर रुपये मंगवाते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, डॉक्टरों के पर्चे, आधार कार्ड और एक कार बरामद की है।
जांच में सामने आया कि आरोपी मैट्रिमोनियल वेबसाइटों पर युवतियों से संपर्क करते थे। कुछ दिन बातचीत करने के बाद अपनी मां, पिता या परिवार के किसी सदस्य की गंभीर बीमारी बताकर इलाज के लिए रुपये मांगते थे। विश्वास जीतने के लिए डॉक्टरों के पर्चे भी भेजते थे। इसके बाद सीएससी और मोबाइल शॉप से क्यूआर कोड लेकर रुपये मंगवाते थे। रकम वापस मांगने पर पीड़िताओं के नंबर ब्लॉक कर संपर्क तोड़ देते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से जुड़े मोबाइल नंबरों के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर पांच शिकायतें दूसरे जिलों और राज्यों से भी दर्ज मिली हैं।