शहर के कुइया रोड पर बृहस्पतिवार सुबह बच्चों से भरी एक तेज रफ्तार स्कूली वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। वैन पलटते ही उसमें सवार मासूम बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जिसे देखकर दौड़े स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बच्चों को वैन से बाहर निकाला। इस हादसे में चार स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया है।
धमना गांव के पास सुबह-सुबह हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उरई कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुइया रोड पर धमना गांव के पास हुआ। क्षेत्र में स्थित राधा कृष्ण इंटर कॉलेज की एक स्कूली वैन सुबह के समय रोजाना की तरह ग्रामीण इलाकों से बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी।
हादसे में वैन सवार चार बच्चे चोटिल
सड़क किनारे हुए इस हादसे में वैन सवार चार बच्चे चोटिल हुए हैं। इनमें से मुख्य रूप से घायल तीन बच्चों की पहचान इस प्रकार हुई है:वेदांश (उम्र 13 वर्ष) ,दिव्या (उम्र 14 वर्ष),दीपांजलि (उम्र 13 वर्ष)सभी घायल बच्चों को तुरंत एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से उरई के राजकीय मेडिकल कॉलेज और पास के निजी अस्पतालों में उपचार के लिए ले जाया गया।