उरई जिले में नशे की लत और आए दिन रुपये मांगने से परेशान एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रच डाली। आरोप है कि पिता ने तीन लोगों को तीन लाख रुपये में बेटे की हत्या की सुपारी दी। इसके बाद नशा मुक्ति केंद्र पहुंचकर बेटे को बाहर निकाला और आरोपियों के हवाले कर दिया। आरोपियों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव मध्य प्रदेश के भिंड जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में फेंक दिया।
वहां शव मिलने के बाद पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी निवासी रशीद के चार बेटे हैं। इनमें बड़ा बेटा रहीश उर्फ शानू (27) अविवाहित था। परिजनों के मुताबिक, वह बुरी संगत में पड़कर नशे का आदी हो गया था। शराब और अन्य नशों के लिए वह आए दिन पिता और परिवार के अन्य सदस्यों से रुपये मांगता था।