महेश ने प्रस्ताव ठुकरा दिया था
गुरुवार की रात मृतक की पत्नी नंदनी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसके पति महेश होटल का काम अच्छे से जानता था। इसी बात को लेकर होटल मालिक हिमांशु निरंजन पुत्र देवेंद्र निरंजन उर्फ छुन्ना ने महेश से कहा था कि वह हमेशा के लिए उनके होटल में काम पर लग जाए। जब महेश ने प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो हिमांशु ने यह बात अपने पिता को बताई।
जबरन होटल में रहकर काम करने का बनाया दबाव
आरोप है कि इसके बाद जब महेश से जबरदस्ती की तो उसने विरोध किया। पत्नी ने बताया कि महेश ने खुद अपने घरवालों को फोन पर यह बात बताई थी। पत्नी का आरोप है कि बुधवार की रात हिमांशु, उसके पिता देवेंद्र, गार्ड संदीप और तीन-चार अज्ञात लोग होटल में पहुंचे और महेश को धमकाने लगे कि उसे जबरन होटल में रहकर काम करना होगा। महेश ने मना किया, तो उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
प्रशासन और पार्टी दोनों के लिए चुनौती बन गए हैं आरोप
पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने देवेंद्र निरंजन, उसके पुत्र हिमांशु निरंजन और गार्ड संदीप के खिलाफ हत्या, एससी - एसटी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर ली है। बता दें कि देवेंद्र पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति हैं और हिमांशू उनके बेटे हैं। सुमन निरंजन भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और 2016 से 2020 तक जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। अब उनके परिवार पर लगे ये गंभीर आरोप प्रशासन और पार्टी दोनों के लिए चुनौती बन गए हैं।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. दुर्गेश कुमार, एसपी जालौन