कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की परीक्षाओं में पेपर सेटिंग और उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में एआई के इस्तेमाल के फैसले के विरोध में कानपुर विश्वविद्यालय स्ववित्त पोषित शिक्षक संघ ने सोमवार को हरसहाय कॉलेज में बैठक की। अध्यक्ष डॉ. कमलेश यादव की अध्यक्षता और महामंत्री डॉ. अखंड प्रताप सिंह के संचालन में हुई बैठक में चार प्रमुख मुद्दे उठाए गए। शिक्षकों ने पेपर सेटिंग और मूल्यांकन में एआई के प्रयोग पर आपत्ति जताई।
साथ ही पूर्णकालिक स्ववित्त पोषित शिक्षकों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ न मिलने पर नाराजगी जताई। शिक्षकों ने सत्र 2022-23 से मूल्यांकन और प्रायोगिक कार्यों का यात्रा भत्ता लंबित होने तथा शिक्षक की सहभागिता के बिना आंतरिक मूल्यांकन के अंक दर्ज किए जाने का भी विरोध किया। शिक्षकों ने तय किया अगर मुद्दों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो 12 नवंबर को धरना प्रदर्शन करेंगे। बैठक में डॉ. बृजेंद्र सेंगर, डॉ. राजन दीक्षित, डॉ. आरपी सिंह और डॉ. शरद यादव शामिल रहे।