कानपुर। परेड इलाके में चोरों ने 70 साल पुरानी मीरा पेंट की दुकान को निशाना बनाया। रविवार देर रात छत के रास्ते दुकान के गोदाम में घुसे चोर ने ग्रिल और दो दरवाजे तोड़कर करीब छह लाख कीमत का पेंट पार कर दिया। सोमवार सुबह दुकान पहुंचे कर्मचारियों ने चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंची बेकनगंज थाना पुलिस ने जांच-पड़ताल की।
हर्षनगर निवासी सुनील मित्तल ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह रविवार रात करीब 8:30 बजे दुकान बंदकर घर चले गए। इसके बाद चोर छत के रास्ते प्रथम तल पर पहुंचे। वहां खिड़की की ग्रिल और कमरे के दो दरवाजे तोड़कर गत्तों में रखा पेंट समेट ले गए।
दुकान के काउंटर में नकदी रखी थी लेकिन पास में लगे सीसी कैमरे के डर से चार वहां नहीं पहुंचे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। बेकनगंज थाना प्रभारी सर्वेश सिंह ने बताया कि जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।