कानपुर देहात। शहद उत्पादन के स्वरोजगार से जुड़ने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से बीस युवाओं को प्रशिक्षण व निशुल्क शहर उत्पादन बॉक्स दिए जाएंगे।
मधुमक्खी पालन कर शहद उत्पादन में मुनाफा है। प्रति बॉक्स करीब 35 से 40 किलो शहद निकाला जा सकता है। एक मधुमक्खी बॉक्स बाजार में करीब 4 हजार रुपये में मिलता है। शासन की योजना में यह निशुल्क दिया जाएगा। जिला खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री ने बताया कि उप्र खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से उत्पाद विकास मानकीकरण एवं गुणवत्ता विनिश्चय योजना (हनी मिशन) के तहत युवा स्वरोजगार के जरिए आमदनी कर सकते हैं।
हनी बाॅक्स व संबंधित टूलकिट्स निशुल्क दिया जाएगा। चयनित युवाओं को 5 दिवसीय गुणवत्तापरक प्रशिक्षण कराया जाएगा। प्रति युवा 5-5 हनीबाक्स दिया जाना है। वर्ष 2025-26 में 20 व्यक्तियों (सामान्य/पिछडा वर्ग) का लक्ष्य है। इच्छुक वेबसाइट https://upkhaditoolkit.upsdc.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही रनियां स्थित जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कार्यालय में 25 मई तक आवेदन दे सकते हैं।
.....................
दोना-पत्तल व पाप कार्न मशीन पाने का मौका
कानपुर देहात। जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत केे तहत स्वरोजगार में रुचि रखने वाले 10 कामगारों को मोटाराइज्ड दोना पत्तल मेकिंग मशीन निशुल्क दी जानी है। लाभार्थियों का चयन तय समिति के माध्यम से होगा। इच्छुक पोर्टल https://upkhaditoolkit.upsdc.gov.in पर पंजीकरण कराकर एक प्रति कार्यालय में 25 मई तक जमा कर सकते हैं। आवेदन की आयु 18 वर्ष से 50 वर्ष तक होनी चाहिए। संबंधित उद्योग में परंपरागत कारीगर होना जरूरी है। इसी प्रकार 10 कामगारों को पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन दी जाएगी। पॉपकॉर्न बनाने वाले भुर्जी समाज के कारीगर/इस उद्योग में रुचि रखने वाले वाले कारीगरों का चयन किया जाना है। (संवाद)