कानपुर शहर की निगरानी के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने घर-घर दस्तक देनी शुरू कर दी है। हर घर दस्तक अभियान के तहत ऐसे लोगों से संपर्क किया जा रहा है, जिनके सीसीटीवी कैमरे रोड साइड हैं। पुलिस ऐसे लोगों से संपर्क कर उनके एंगल बदलवाने के लिए आग्रह करेगी, ताकि उनके घर के साथ-साथ क्षेत्र की सड़क या तिराहा-चौराहा भी कवर हो जाए।
इससे न सिर्फ घर में आने वाले लोगों पर नजर रहेगी, बल्कि सड़क से गुजरने वाले लोगों व वाहनों की भी निगरानी में मदद मिलेगी। पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने दो दिन पहले ही अभियान को लांच किया था, जिसके बाद अब पुलिस कर्मियों ने संपर्क साधना शुरू कर दिया है। सीपी ने कहा कि अगले दो महीने में इस काम को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लोगों की मदद से शहर को सुरक्षित बनाया जाएगा।